Connect with us

मुख्यमंत्री धामी ने श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का किया शुभारंभ

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का किया शुभारंभ

 

नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन करने के साथ विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं तथा स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के प्रथम दिन मेले का शुभारंभ सुखद संयोग है। उन्होंने कहा कि 50वां कुंजापुरी मेला लोक आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  एकल महिला स्वरोजगार योजना में 212 महिलाओं को पहली, 276 को दूसरी किस्त जारी…

स्थानीय उत्पादों और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पलायन रोकने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, होमस्टे, पर्यटन एवं फिल्म नीति तथा ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी योजनाओं से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। मुख्यमंत्री ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दिए जाने की भी जानकारी दी।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सीएम धामी सख्त…

टिहरी में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। झील क्षेत्र में जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल के उच्चीकरण तथा करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

मेले में छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा (तेल कलश) की परंपरा, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, मां कुंजापुरी, भारत की गौरवशाली बेटियां और बदलता एवं बढ़ता नरेंद्रनगर सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें 👉  मसूरी रोड पर 15 दिन में दो लेन सड़क तैयार करने के निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ खेल, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती ने अपने अनुभव साझा किए।

11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा मेला

राज्यस्तरीय श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला 11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान खेलकूद और विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, संगीता ढौंडियाल, किशन महिपाल और पांडवाज बैंड सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के जागर गायन के साथ होगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखंड

उत्तराखंड

उत्तराखंड
Advertisement

ADVERTISEMENT VIDEO

ट्रेंडिंग खबरें

To Top